भूकंप प्रभावित नेपाल को एक अरब डॉलर देगा भारत (लीड-1)

काठमांडू, 25 जून (आईएएनएस)। भारत अपने पड़ोसी देश नेपाल को भूकंप की त्रासदी से उबरने और पुनर्निर्माण कार्यो के लिए एक अरब डॉलर की आर्थिक सहायता देगा।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने यहां अंतर्राष्ट्रीय दानदाताओं के सम्मेलन में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि पुनर्निर्माण के बाद आत्मविश्वास से भरा एक नया नेपाल उभरकर सामने आएगा।

भारत की ओर से मिलने वाली इस सहायता राशि से नेपाल में बुनियादी संरचनाओं और कुछ प्रमुख धरोहरों का निर्माण किया जाएगा। नेपाल ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से करीब सात अरब डॉलर की सहायता मांगी है।

नेपाल में इस साल 25 अप्रैल को आए विनाशकारी भूकंप में 8,500 से अधिक लोगों की जान चली गई, जबकि बड़े पैमाने पर घरों और संपत्ति का नुकसान हुआ। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.9 मापी गई थी। नेपाल में इसके बाद भी भूकंप के कई छोटे झटके महसूस किए गए।

नेपाल में पुनर्निर्माण को लेकर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय दानदाताओं के सम्मेलन में सुषमा ने कहा, “नेपाल अकेला नहीं है। मैं आपको भरोसा दिलाती हूं भारत सरकार तथा भारत के 1.25 अरब लोग इस संकटपूर्ण समय में आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।”

नेपाल में भूकंप के बाद भारत की ओर से चलाए गए राहत अभियान के बारे में सुषमा ने कहा, “ऑपरेशन मैत्री विदेशों में किसी भी आपदा से निपटने के लिए चलाए गए हमारे अब तक के अभियानों में सबसे बड़ा है। इस पर 400 अरब की लागत आई।”

उन्होंने कहा, “यह महत्वपूर्ण नहीं है कि राहत अभियान भारत की ओर से किसी भी देश में आपात परिस्थतियों के बाद चलाया गया सबसे बड़ा अभियान है, बल्कि भारत की जनता द्वारा अपने नेपाली भाइयों और बहनों के लिए महसूस की गई संवेदना और उसके बाद उठाए गए कदम महत्वपूर्ण हैं।”

पुनर्निर्माण के लिए नेपाल की ओर से की जा रही कोशिशों की सराहना करते हुए सुषमा ने कहा, “भारत सबसे पुराने और करीबी मित्र के रूप में नेपाल के साथ हमेशा खड़ा रहेगा। पुनर्निर्माण के बाद आत्मविश्वास से भरपूर नेपाल उभरेगा।”

उन्होंने कहा, “हम कई अन्य क्षेत्रों में साथ मिलकर काम कर सकते हैं, जहां हमारी विशेषज्ञता और नेपाल की आवश्यकता एक-दूसरे के अनुरूप हो सकती है। इनमें कृषि, आवास, सड़क एवं परिवहन, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, सांस्कृतिक धरोहर तथा आपदा के खतरों को कम करने जैसे क्षेत्र शामिल हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493