भोपाल-मध्य प्रदेश में मूंग की शत प्रतिशत सरकारी खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किसान आंदोलित हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले प्रदेशभर से पहुंचे हजारों किसानों ने अपनी मांगों को लेकर राजधानी में डेरा डाल दिया है। सीएम हाउस की ओर बढ़ रहे किसानों ने पुलिस की 4 लेयर बैरिकेडिंग तोड़ दी। रास्ते में किसानों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर का घेराव किया। इस दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की में कुछ किसानों के कपड़े फट गए।
प्रदर्शनकारी किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो सीएम हाउस का गेट तोड़कर अंदर घुसेंगे। प्रदर्शन में शामिल बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार ने वादा तोड़ा है। हम भीख नहीं, अपना अधिकार मांग रहे हैं। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी किसानों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि भोपाल में किसानों का आक्रोश सड़कों पर दिख रहा है और CJP की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
प्रदर्शन स्थल पर कुछ किसानों ने अर्धनग्न होकर विरोध जताया। कुछ किसानों ने सड़क पर ही दाल-बाटी बनाकर लंच किया। किसानों के समर्थन में Gen-Z भी शामिल हुए और सरकार की सद्बुद्धि के लिए हवन किया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कई रास्तों पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक रोका, जिससे लोगों को परेशानी हुई।
dharmpath.com dharmpath