भोपाल– भोपाल नगर निगम का बजट गुरुवार को पेश हुआ। भोपाल की महापौर मालती राय ने इस बार पिछली बार के मुकाबले 300 करोड़ रुपये ज्यादा यानी 3611 करोड़ और 79 लाख 75 हजार रुपये का बजट पेश किया है। वहीं, इस बार प्रॉपर्टी टैक्स भी बढ़ाया गया है। इसके अलावा अब पानी पीना भी महंगा हो जाएगा। कांग्रेस ने इसके खिलाफ कोर्ट जाने की चेतावनी दी है।
महापौर ने इस बार भोपाल में प्रॉपर्टी टैक्स में 10 प्रतिशत की वृद्धि की है। वहीं, उपभोक्ता प्रभार जल, सीवेज, ठोस अपशिष्ट में भी 15% की वृद्धि का प्रस्ताव दिया है। टैक्स बढ़ाने से शहर में 3 लाख नल कनेक्शन और 5.62 लाख प्रॉपर्टी टैक्स उपभोक्ता प्रभावित होंगे। महापौर ने कहा कि 3611 करोड़ रुपए से अधिक का बजट आज हमने पेश किया है। शहर को विकास की सौगातें देने के लिए हमने कई प्रावधान किए हैं। इनमें शहर के सात प्रवेश द्वार, विसर्जन घाट सहित कई प्रस्तावों के लिए बजट रखा है। जल्द ही परिषद हॉल भी बनाया जाएगा।
वहीं, प्रॉपर्टी टैक्स और जल कर में बढ़ोतरी पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। कांग्रेसी पार्षदों ने अध्यक्ष की आसंदी घेर ली। वही दोनों पक्ष की तरफ से नारेबाजी की गई। नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने कहा कि धारा 132 की उप धारा में प्रावधान है कि 31 मार्च के बाद कोई कर नहीं बढ़ा सकते। फिर नगर निगम ऐसा क्यों कर रहा है। उन्होंने कहा कि ये भाजपा की हिटलरशाही है। हम इसके खिलाफ कोर्ट जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath