भोपाल-राजधानी भोपाल में इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) के सामने स्थित मेहता इंडस्ट्री में रविवार दोपहर करीब 3:45 बजे अचानक आग लग गई। आग फैक्ट्री के पिछले हिस्से में बने गोदाम में भड़की जहां बड़ी मात्रा में लकड़ी और प्लाईवुड का सामान रखा हुआ था। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
आग की सूचना मिलते ही नगर निगम का फायर अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और एक-एक कर कुल 12 दमकल वाहनों को लगाया गया। गोदाम में तेजी से फैल रही लपटों को नियंत्रित करने के लिए दमकल कर्मियों ने पीछे की ओर टिन से बनी दीवार को तोड़कर अंदर पहुंच बनाई। इसके बाद फोम और पानी की मदद से आग बुझाया गया।
करीब दो घंटे तक चली लगातार मशक्कत के बाद दमकल टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने में सफल रही। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में एहतियात बरता गया। फैक्ट्री से सटी झुग्गी बस्ती के लोगों ने संभावित खतरे को देखते हुए अपने घरों का सामान बाहर निकाल लिया था जिससे किसी बड़े नुकसान की स्थिति टल गई।
dharmpath.com dharmpath