भोपाल-मध्य प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में कई दिनों से चल रहे एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन खत्म हो गया है। स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर काम बंद कर चुके इंटर्न्स और सरकार के बीच सहमति बन गई है। मंत्रालय में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की मौजूदगी में करीब डेढ़ घंटे चली बैठक के बाद इंटर्न डॉक्टरों का मासिक स्टाइपेंड 21,500 रुपए तय करने पर सहमति बनी। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव से चर्चा के बाद सरकार ने राशि बढ़ाने का फैसला लिया।
बैठक में इंटर्न डॉक्टरों के अलावा जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JUDA) और मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन (MTA) के प्रतिनिधि भी शामिल रहे थे। चर्चा के दौरान स्टाइपेंड के साथ आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और घायल छात्रों के उपचार से जुड़े मुद्दों पर भी बात हुई। सहमति बनने के बाद आंदोलन खत्म करने का रास्ता साफ हो गया।
दरअसल सरकार की ओर से शुरुआत में इंटर्न डॉक्टरों के लिए 18,500 रुपए मासिक स्टाइपेंड देने का प्रस्ताव रखा गया था। इंटर्न्स ने इसे स्वीकार नहीं किया और अपनी मांग पर कायम रहे। बातचीत आगे बढ़ने के बाद प्रस्तावित राशि में बढ़ोतरी की गई और आखिरकार 21,500 रुपए पर सहमति बनी।
dharmpath.com dharmpath