बेंगलुरू, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय फिल्म निर्माण एवं वितरण कंपनी ‘फॉक्स स्टार स्टूडियोज’ मंगलयान (मार्स ऑर्बिटर मिशन) के सफल लांच की पहली सालगिरह के मौके पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों और उनके परिवारों के लिए ‘द मार्टियन’ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग रखेगा।
फिल्म की स्क्रीनिंग यहां गुरुवार को और इलाहाबाद में शनिवार को होगी। स्क्रीनिंग से पूर्व इसरो के वैज्ञानिकों के परिवारों के लिए मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
‘द मार्टियन’ में अभिनेता मैट डैमन ने मार्क वैटनी नामक एक अंतरिक्षयात्री की भूमिका निभाई है, जिसे मंगल अभियान के दौरान मरा हुआ मान लिया जाता है, लेकिन वह जिंदा होता है। वह मंगल ग्रह पर बचाव दल द्वारा ढूंढ निकालने तक स्वयं को जिंदा रखने में कामयाब होता है।
20इथ सेंचुरी फॉक्स के कार्यकारी अध्यक्ष (एशिया पैसेफिक) सुंदर किमात्रै ने एक बयान में कहा, “मंगल ग्रह की कक्षा में मंगलयान के प्रवेश करने की पहली सालगिरह पर हम इस बेहद यथार्थवादी फिल्म की स्क्रीनिंग के जरिए डॉक्टर अरुणन के नेतृत्व में इसरो में मार्स ऑर्बिटर टीम और ऐसा करने वाली चौथी अंतरिक्ष एजेंसी इसरो के प्रयासों का आभार व्यक्त करते हैं।”
dharmpath.com dharmpath