मंत्री की गिरफ्तारी के विरोध में सड़क पर ममता

imagesकोलकाता, 13 दिसम्बर – पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने मंत्रिमंडल सहयोगी मदन मित्रा की गिरफ्तारी के खिलाफ शनिवार को सड़क पर उतरीं और यह कह कर सबको चकित कर दिया कि क्या सहारा समूह के मालिक के साथ फोटो खिंचवाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जेल में डाला जा सकता है। गौरतलब है कि सहारा प्रमुख धोखाधड़ी के मामले में जेल में हैं। उन्होंने परिवहन एवं खेल मंत्री की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया।

ममता ने कहा, “सहारा के दफ्तर में छापेमारी के दौरान एक लाल डायरी मिली थी। इसमें कई बड़े नाम थे। खाली बर्तन ज्यादा आवाज करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सहारा प्रमुख के साथ तस्वीर थी। क्या हम प्रधानमंत्री को गिरफ्तार करें?”

ममता ने कहा, “माकपा के कई नेताओं की तस्वीरें चिटफंड कंपनी के मालिकों के साथ हैं। अगर एक तस्वीर आपराधिक षडयंत्र का सबूत है, तब प्रधानमंत्री को भी सहारा घोटाला मामले में गिरफ्तार करना चाहिए।”

ममता ने यह बात उस वीडियो का उल्लेख करते हुए किया जिसमें मदन मित्रा मुख्य षडयंत्रकारी सुदीप्त सेन की तारीफ कर रहे हैं।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला करते हुए कहा, “भाजपा जानती है कि वह तृणमूल से राजनीतिक रूप से मुकाबला नहीं कर सकती। वह हमारा सामना करने के लिए सीबीआई का इस्तेमाल कर रही है। भाजपा के राजनीतिक बदले की कार्रवाई के खिलाफ आम लोग सड़कों पर उतर आए।”

ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि मित्रा की गिरफ्तारी के बाद तृणमूल दबाव का सामना कर रही है। ममता ने कहा, “समय किसी के लिए नहीं रूकता। हम समय की मांग के अनुसार काम करेंगे।”

भाजपा नीत केंद्र सरकार को आगाह करते हुए ममता ने कहा, “मैं सत्ता में मौजूद पार्टी से कहूंगी-अपनी सीमा में रहे या फिर आपको विरोध का सामना करना पड़ेगा।”

स्थानीय भावनाओं को भुनाने की कोशिश करते हुए ममता ने भाजपा और सीबीआई पर बंगाल में खेल की आधारभूत संरचनाओं को नष्ट करने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य खेल और संस्कृति के खतरे का सामना कर रही है।

उन्होंने कहा, “मोहन बगान, ईस्ट बंगाल खतरे का सामना कर रही है। यह सड़क पर उतरने का समय है। मैं खिलाड़ियों से प्रदर्शन करने की मांग करती हूं। हम आपके साथ हैं।”

गौरतलब है कि ईस्ट बंगाल के अधिकारी देबब्रत सरकार और तृणमूल कांग्रेस सांसद एवं मोहन बगान के सहायक महासचिव सृंजय बोस को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है।

जांच एजेंसी ने दोनों क्लबों के पदाधिकारियों से पूछताछ की है और फुटबॉल क्लबों के कुछ बैंक खाते भी बंद कर दिए हैं।

ममता की प्रदर्शन रैली अपराह्न एक बजे शुरू हुई थी। इस अवसर पर खेल जगत से जुड़े कई नाम मौजूद थे।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493