मक्का, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। सऊदी अरब में गुरुवार को मक्का के पास हज के दौरान भगदड़ मचने से 220 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 400 घायल हो गए।
‘अल जजीरा’ की रपट के अनुसार, सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा निदेशालय ने यह जानकारी दी। निदेशालय ने कहा कि कम से कम 400 हजयात्री घायल हुए हैं। हादसा मक्का के बाहरी इलाके में स्थित मीना नाम की जगह पर हुआ है।
रपट के अनुसार, हादसा मीना में हजयात्रियों के शिविरों के बीच की एक सड़क पर हुआ। इस सड़क को सड़क नंबर 204 कहा जाता है।
रपट में साफ किया गया है कि हादसा शैतान को कंकड़ मारने के अनुष्ठान के दौरान नहीं हुआ है। साथ ही मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है।
इस साल हज यात्रा के दौरान यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले हाल ही में मक्का की मुख्य मस्जिद में क्रेन गिरने से 107 लोगों की मौत हुई थी।
dharmpath.com dharmpath