इम्फाल, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। मणिपुर की ताजा पानी की झील पर बनी एक गैर फीचर फिल्म को अगले वर्ष 28 जनवरी से तीन फरवरी के बीच मुंबई में आयोजित होने वाले 14वें मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह में डॉक्यूमेंटरी, लघु और एनिमेशन फिल्मों(एमआईएफएफ) के लिए अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा वर्ग में चुना गया है।
मणिपुर के फिल्मकार हओबम पवन कुमार की फिल्म ‘फुम शंग’ (तैरता जीवन) को 60 मिनट की अवधि वाली डॉक्यूमेंटरी फिल्म वर्ग के अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता खंड के लिए चुना गया है।
कुमार ने कहा, ‘फुम शंग’ लोकटक को प्रतिबिंबित करता है जो कि भारत की सबसे बड़ी ताजे पानी की झील है। फिल्म लोकटक इलाके की प्रचुर और सम्पन्न जैव-विविधता को ही नहीं दर्शाती, बल्कि विकास के कारण उत्पन्न गरीबी जैसे गंभीर मुद्दों की भी पड़ताल करती है।
यह दूसरा मौका है, जब कुमार की फिल्म एमआईएफएफ की अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में नामित हुई है।
उनकी फिल्म ‘एएफएसपीए 1958’ को 1,00,000 रुपये की पुरस्कार राशि के साथ अंतर्राष्ट्रीय जूरी पुरस्कार और 2006 में डॉक्यूमेंटरी फिल्मों के लिए अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में योग्यता प्रमाण पत्र के साथ प्रतिष्ठित ‘अंतर्राष्ट्रीय फिप्रेस्की क्रिटिक्स अवार्ड’ से सम्मानित किया गया था।
dharmpath.com dharmpath