चेन्नई, 19 जुलाई (आईएएनएस)। फिल्मकार मणिरत्नम और अभिनेता आर. माधवन चौथी बार साथ आ सकते हैं। मणिरत्नम की आगामी फिल्म के कलाकारों का चयन हालांकि अभी बाकी है, लेकिन ऐसी चर्चा है कि माधवन इस तमिल परियोजना का हिस्सा बन सकते हैं, जिसका नाम अभी तय नहीं हुआ है।
एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “मणि सर माधवन सहित कुछ कलाकारों से बात कर रहे हैं। लेकिन उन्होंने अभी अंतिम रूप से किसी का चयन नहीं किया है। इसमें कुछ और सप्ताह का समय लगेगा।”
मणिरत्नम और माधवन इससे पहले तीन तमिल फिल्मों में काम कर चुके हैं।
सूत्र ने यह भी बताया कि मणिरत्नम इस बार कोई रोमांटिक फिल्म नहीं बना रहे, बल्कि यह अलग शैली की फिल्म होगी।
सूत्र के अनुसार, “वह एक अलग विषय पर काम कर रहे हैं। वह फिर से रोमांटिक फिल्म नहीं बनाना चाहते। फिल्म में दो नायक हो सकते हैं।”
सिनेमेटोग्राफर संतोष सिवन इस फिल्म के जरिए छठी बार मणिरत्नम के साथ जुड़े हैं। फिल्म की शूटिंग सितंबर से शुरू होने की उम्मीद है।
dharmpath.com dharmpath