मध्य प्रदेश के 6 तीर्थयात्रियों की मौत,राजस्थान के बूंदी में भीषण सड़क हादसा

देवास- राजस्थान के बूंदी में रविवार, 15 सितंबर की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया है। इस हादसे में मध्य प्रदेश के देवास जिले के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा हिंडोली थाना क्षेत्र के लघधरिया भेरुजी क्षेत्र में जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे (NH21) पर अलसुबह 5 बजे हुआ। श्रद्धालु एक इको कार में सवार होकर खाटू श्याम और रामदेवरा के दर्शन के लिए जा रहे थे, जब उनकी कार की टक्कर एक अज्ञात बड़े वाहन से हो गई।

 

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई। प्रशासन ने क्रेन की मदद से शवों को कार से बाहर निकाला और उन्हें बूंदी जिला अस्पताल भेजा। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे कोटा रेफर कर दिया गया है, जबकि दो घायलों का इलाज बूंदी जिला अस्पताल में चल रहा है।

घटना को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, ‘मध्य प्रदेश के देवास जिले के 6 दर्शनार्थियों की खाटू श्याम जी के दर्शन करने जाते समय राजस्थान के बूंदी जिले में सड़क हादसे में असमय मृत्यु का दुःखद समाचार मिल रहा है। हादसे में घायलों के समुचित उपचार के लिए राजस्थान सरकार के संपर्क में है। बाबा महाकाल दिवंगतों की आत्मा को श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।’

सीएम ने आर्थिक सहायता राशि की घोषणा करते हुए लिखा, ‘मध्य प्रदेश सरकार की ओर से मृतकों के परिवार को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं. दुःख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी शोक संवेदना व्यक्त करता हूं।’

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493