मप्र : रीवा में 5 लोग जान बचाने को पेड़ पर चढ़े (लीड-1)

रीवा, 7 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में जारी मूसलाधार बारिश ने कई इलाकों का जीवन मुसीबत में डाल दिया है। रीवा जिले में गुरुवार को मछली पकड़ने गए पांच लोग बाढ़ में फंस गए। वे जान बचाने के लिए पेड़ पर चढ़े हुए हैं। इससे पहले पूर्वा फॉल में पांच सैलानी बुधवार की शाम पानी के तेज बहाव में बह गए थे, जिनकी तलाश जारी है।

रीवा जिले में बीते दो दिनों से भारी बारिश जारी है, नदी नाले उफान पर है। सिरमौर क्षेत्र में तावसी नदी में कुछ लोग गुरुवार की सुबह मछली पकड़ने गए थे, तभी अचानक जलस्तर बढ़ गया और उसकी नाव पलट गई, जिससे वे पानी से घिर गए। इनमें से पांच लोग अपनी जान बचाने के लिए पेड़ पर चढ़ गए हैं।

अनुविभागीय अधिकारी, राजस्व (एसडीएम) धर्मेंद्र मिश्रा ने आईएएनएस को बताया कि पेड़ पर चढ़ लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं, बरेली से हेलीकॉप्टर भी बुलाया गया है, मगर पेड़ पर चढ़ लोगों को निकाला नहीं जा पाया है।

मिश्रा ने आगे बताया कि बुधवार को सेमरिया के पूर्वा फॉल में बहे पांच सैलानियों की खोज के लिए अभियान चलाया जा रहा है, उनका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है, क्योंकि पानी का बहाव बहुत तेज है।

उन्होंने बताया कि रीवा जिले में बारिश ज्यादा नहीं हुई है, मगर सतना जिले के बकिया बांध से पानी छोड़े जाने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

मिश्रा ने आगे बताया कि सेमरिया थाना क्षेत्र में बुधवार को बकिया बांध से छोड़े गए पानी से टमस नदी में बहुत पानी आ गया था और पांच सैलानी बहते हुए पूर्वा फॉल से नीचे गिर गए थे, तभी से पांचों लापता हैं। उनकी खोज की जा रही है, मगर पानी का प्रवाह तेज होने के कारण राहत व बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493