मेलबर्न, 12 जनवरी (आईएएनएस)। स्पेन के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने कहा है कि ग्रेट ब्रिटेन के स्टार खिलाड़ी एंडी मरे ने संन्यास लेकर सही फैसला किया है क्योंकि वह काफी दिनों से चोट से जूझ रहे हैं।
मरे ने शुक्रवार को कहा था कि वह इस साल टेनिस छोड़ देंगे और साल का पहला ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट आस्ट्रेलियन ओपन उनका आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है।
बीबीसी ने नडाल के हवाले से लिखा है, “जब आप कोर्ट पर बिना किसी लक्ष्य के साथ उतरते हैं क्योंकि आप अच्छे से खेल नहीं पा रहे और आपको दर्द है, यह समय होता है फैसला लेने का। उनका जाना टेनिस के लिए बड़ी क्षति है।”
नडाल खुद जानते हैं कि चोटों से जूझना क्या होता है। वह लंबे समय तक घुटने और कलाई की चोटों से जूझे थे। 17 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता ने हालांकि कहा कि उन्हें अपने करियर में कभी संन्यास लेने का ख्याल नहीं आया।
नडाल ने कहा, “मुझे हमेशा से लगता था कि यह ठीक हो जाएगा। लेकिन बेशक कुछ समय ऐसा होता है कि जब आपको कुछ उम्मीद नहीं रहती। वो समय काफी मुश्किल होता है।”
नडाल आस्ट्रेलियन ओपन के पहले दौर के मैच में जेम्स डकवर्थ से भिड़ेंगे।
dharmpath.com dharmpath