बर्लिन, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल ने नाटो की पूर्वी सीमाओं पर सेना की तैनाती करने के विचार के बावजूद रूस के साथ वार्ता निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
मर्केल ने शुक्रवार को लातविया के प्रधानमंत्री मारिस कुसिन्सकिस के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा, “जर्मनी को सभी पूर्वी सदस्य देशों की सुरक्षा मजबूत करने की चिंता है।”
उन्होंने पूर्वी यूरोप में नाटो के ढांचे के भीतर जर्मनी की अधिक मजबूत भागीदारी का भी उल्लेख किया।
जर्मन मीडिया के मुताबिक, जर्मनी की लिथुआनिया में 150 से 250 सैनिकों की तैनाती की योजना है।
मर्केल का कहना है कि सेना में बढ़ोतरी की योजना नाटो-रूस संधि के अनुरूप है।
इस संधि में पर्याप्त सुरक्षाबलों और उपकरणों की स्थायी तैनाती पर प्रतिबंध है।
मर्केल का कहना है कि पूर्व में सेनाओं की तैनाती से रूस के साथ तनाव नहीं बढ़ना चाहिए।
मर्केल के मुताबिक, “हमें वार्ता के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। मुझे लगता है कि यह बहुत जरूरी है।”
dharmpath.com dharmpath