मलेशिया ओपन : सेमीफाइनल में हारीं सायना (लीड-2)

कुआलालंपुर, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। विश्व की नम्बर-1 बैडमिंटन स्टार भारत की सायना नेहवाल शनिवार को यहां जारी 500,000 डॉलर इनामी मलेशिया ओपन वल्र्ड सुपरसीरीज प्रीमियर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में हार गईं।

टूर्नामेंट की तीसरी वरीय खिलाड़ी सायना को शीर्ष वरीय मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन चीन की ली जुइरेई ने हराया। सायना ने हालांकि उन्हें कड़ी चुनौती दी और एक घंटा आठ घंटा तक संघर्ष करने के लिए मजबूर किया।

पुत्रा स्टेडियम में हुए सेमीफाइनल मुकाबले में जुइरेई ने तीन गेम तक खिंचे मुकाबले में सायना को 13-21, 21-17, 22-20 से हराया।

सायना और जुइरेई के बीच अब तक 11 बार सामना हुआ है। जुइरेई ने सायना को नौ बार हार झेलने को मजबूर किया है जबकि सायना दो बार विजयी रही हैं। 2012 के बाद सायना इस चीनी खिलाड़ी के खिलाफ जीत नहीं हासिल कर सकी हैं।

सायना ने जोरदार खेल दिखाते हुए पहला गेम आसानी से अपने नाम किया। एक समय हालांकि जुइरेई ने 6-6 की बराबरी कर ली थी लेकिन सायना ने आगे निकलते हुए गेम अपने नाम किया।

दूसरे गेम में दोनों के बीच जबरदस्त टक्कर हुई। एक समय जुइरेई 18-17 से आगे चल रही थीं लेकिन सायना यहां अपने हाथ आए मौके को भुना नहीं सकीं जबकि जुइरेई ने लगातार तीन अंक हासिल कर गेम जीत लिया।

तीसरे और अंतिम गेम में दोनों के बीच और जोरदार टक्कर हुई। सायना एक समय 17-12 से आगे थीं लेकिन पूर्व विश्व नम्बर-1 जुइरेई ने लगातार पांच अंक हासिल कर अंतर को कम किया। इसके बाद दोनों के बीच आगे निकलने की जोरदार होड़ हुई। दोनों एक समय 20-20 की बराबरी पर थीं लेकिन अहम मुकाम पर जुइरेई ने अपना फन दिखाया और गेम के साथ-साथ मैच अपने नाम किया।

फाइनल में जुइरेई का सामना मौजूदा विश्व चैम्पियन स्पेन की कैरोलिना मारिन से होगा। मारिन ने सेमीफाइनल में चीन की दूसरी वरीय खिलाड़ी शिजियान वांग को 21-17, 24-22 से हराया।

इस टूर्नामेंट में सायना के रूप में भारत की अंतिम उम्मीद बची थी। गुरुवार को पुरुष एकल में के. श्रीकांत, पारूपल्ली कश्यप और एचएच प्रनॉय को हार मिली थी। उसी तरह महिला युगल में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा को भी हार का सामना करना पड़ा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493