गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 10 अप्रैल (आईएएनएस)। यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में मंगलवार को छठे दिन पुरुष हॉकी प्रतियोगिता में मलेशिया के खिलाफ खेले गए पूल-बी के तीसरे मैच में भारतीय खिलाड़ी मंदीप ने अपने अंतर्राष्ट्रीय मैचों का शतक पूरा किया है।
पंजाब के जालंधर के निवासी 23 वर्षीय मंदीप को इस उपलब्धि पर हॉकी इंडिया (एचआई) ने बधाई दी।
मंदीप ने साल 2013 में हॉकी वर्ल्ड लीग राउंड-2 के जरिए राष्ट्रीय टीम में पदार्पण किया था। फीजी के खिलाफ उनका पहला मैच यादगार रहा। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में दिए गए शानदार प्रदर्शन के कारण ही उन्होंने मुख्य टीम में प्रवेश हासिल किया।
इस चयन के बाद मंदीप ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। लंदन में आयोजित हुए 36वें चैम्पियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में उन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया और रजत पदक जीता।
सुल्तान अजलान शाह टूर्नामेंट में पिछले साल जापान के खिलाफ खेले गए मैच में अपनी हैट्रिक से उन्होंने काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
जालंधर में सुरजीत सिंह हॉकी अकादमी की देन मंदीप ने इस उपलब्धि के बारे में कहा, “मैं इस उपलब्धि को हासिल कर काफी खुश हूं और इसके लिए मैं अपने टीम के साथी खिलाड़ियों का शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने मेरा समर्थन किया। आशा है कि मैं इसी प्रकार टीम की जीत में अपना योगदान देता रहूं।”
dharmpath.com dharmpath