कुआलालंपुर, 6 जनवरी (आईएएनएस)। मलेशिया के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को घोषणा की कि साल 2014 की तुलना में साल 2015 में डेंगू से मौत के मामलों में 50 फीसदी की वृद्धि हुई है।
समाचार पत्र ‘द मलेशियन स्टार’ ती एक रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय ने कहा कि साल 2015 में डेंगू से होनेवाली मौतों की संख्या सर्वाधिक है।
साल 2014 में डेंगू से 215 लोगों की मौत हुई थी, जबकि साल 2015 में 336 लोगों की मौत हुई। इस प्रकार पिछले साल की तुलना में इस साल मौतों में 56.3 फीसदी की वृद्धि हुई है।
साल 2015 में डेंगू के 120,836 मामले सामने आए, जबकि साल 2014 में डेंगू के 108,698 मामले सामने आए थे, जो डेंगू के मामलों में 2015 में 11.2 फीसदी वृद्धि को दर्शाता है।
मंत्रालय के वेक्टर वॉर्न डिजिज सेक्टर (डिजिज कंट्रोल डिविजन) के प्रमुख रोज नानी मुदीन ने कहा कि दुनिया के अन्य देशों की तुलना में देश में डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
रोज ने कहा, “विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के आंकड़े दर्शाते हैं कि डेंगू के मामलों में हर साल बढ़ोतरी हो रही है।”
मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में डेंगू के 145 हॉटस्पॉट हैं। सेलंगर में सर्वाधिक 107 हॉटस्पॉट हैं।
अन्य हॉटस्पॉट जोहोर (23), पेरक (9), पेनांग (3), जबकि कुआलालंपुर, पुत्रजय, नेगरी सेंबिलन तथा साबाह में एक-एक हॉटस्पॉट हैं।
dharmpath.com dharmpath