मलेशिया : 139 कब्रें और 28 संदिग्ध तस्करी शिविर मिले

कुआलालंपुर, 25 मई (आईएएनएस)। मलेशिया की नेशनल पुलिस के प्रमुख खालिद अबू बकर ने सोमवार को कहा कि थाईलैंड से लगी देश की दक्षिणी सीमा के पास उन्हें 139 कब्रें और 28 संदिग्ध मानव तस्करी शिविर मिले।

पुलिस प्रमुख ने कहा, “अधिकारी हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं कर पाए हैं कि प्रत्येक कब्र में कितने शव हैं।”

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, ऐसा माना जा रहा है कि इन कब्रों में मौजूद अवशेष शरणार्थी और विदेशों से नौकरी की तलाश में आने वाले लोगों के हैं।

हाल के दिनों में थाईलैंड ने अपनी सीमा से म्यांमार के रोहिंग्या प्रवासियों के दर्जनों शव बरामद करने के बाद देश में मानव तस्करी के खिलाफ जोरदार कार्रवाई की थी।

इस कार्रवाई के बाद से हजारों विस्थापितों को ले जा रही नौकाएं समुद्र में फंसी हुई थीं। इन नौकाओं में सवार ज्यादातर लोग म्यांमार और बांग्लादेश के थे और वे मलेशिया, इंडोनेशिया और थाईलैंड जाने की फिराक में थे।

इंडोनेशिया और मलेशिया बाद में 7,000 बांग्लादेशी प्रवासियों को अपने देश में प्रवेश देने पर सहमत हुए और म्यांमार के रोहिंग्या शरणार्थियों को स्वदेश वापसी का विकल्प दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493