महत्वपूर्ण कोच बनने के लिए बहुत कुछ सीखना बाकी : जिदान

मेड्रिड, 24 मई (आईएएनएस)। रियल मेड्रिड के मुख्य कोच जिनेदिन जिदान ने एटलेटिको मेड्रिड के खिलाफ होने वाले चैम्पियंस लीग फाइनल मुकाबले से पहले कहा कि उन्हें एक महत्वपूर्ण कोच बनने के लिए अभी काफी कुछ सीखना है।

हालांकि, जिदान ने प्रतिद्वंद्वी टीम के कोच डिएगो सिमोन की प्रशंसा भी की।

समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, मिलान में एटलेटिको और रियल के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले में केवल चार दिन शेष रह गए हैं। जिदान ने कहा कि भले ही वह अपने क्लब को चैम्पियंस लीग के अंतिम चरण में लाए हों, लेकिन अब भी एक महत्वपूर्ण कोच बनने के लिए उन्हें बहुत कुछ सीखना है।

एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, “मुझे एक कोच के तौर पर काफी कुछ सीखना है, लेकिन सबसे अच्छी बात यह है कि मुझे काफी बेहतर महसूस हो रहा है। मैं सुधार करने वाला हूं और इसके लिए आश्वस्त हूं। हालांकि, मुझे अभी बहुत कुछ सीखना है।”

डिएगो की तारीफ करते हुए जिदान ने कहा, “उनके पास वह सब कुछ है, जो एक कोच के रूप में होना जरूरी है और इन सबसे अलग वह अपने खिलाड़ियों को काफी अच्छे से पहचानते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493