ढाका, 8 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी एकदिवसीय श्रृंखला के लिए महमुदुल्ला रियाद और अनामुल हक को वापस बुला लिया है।
वेबसाइट ‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ के अनुसार, बांग्लादेश के मुख्य चयनकर्ता फारूक अहमद एकदिवसीय श्रृंखला के लिए 14 सदस्यी टीम की घोषणा कर दी।
भारत के खिलाफ बीती श्रृंखला और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दोनों टी-20 मैचों से उंगली में चोट के कारण बाहर रहे हरफनमौला खिलाड़ी महमुदुल्ला को टीम में वापस बुला लिया गया है।
वहीं अनामुल इसी वर्ष हुए आईसीसी विश्व कप के एक पूल मैच के दौरान कंधे में लगी चोट का ऑपरेशन करवाने के बाद वापसी करने में सफल रहे हैं।
भारत के खिलाफ श्रृंखला में शामिल किए गए मोमिनुल हक और रॉनी तालुकदार को हालांकि टीम से बाहर रखा गया है, वहीं तस्कीन अहमद अब तक चोट से उबर नहीं सके हैं।
तस्कीन के स्थान पर भारत के खिलाफ श्रृंखला के तीसरे एकदिवसीय मैच में शामिल किए गए जुबेर हुसैन को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला के लिए भी टीम में बरकरार रखा गया है।
बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला की शुरुआत शुक्रवार से मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में होगी।
बांग्लादेश एकदिवसीय टीम : मशरफे बिन मुर्तजा (कप्तान), शाकिब अल हसन, तमीम इकबाल, अनामुल हक, लिटन कुमार दास, सौम्य सरकार, मुशफिकुर रहीम, महमुदुल्ला रियाद, रुबेल हुसैन, शब्बीर रहमान, नासिर हुसैन, अराफात सन्नी, जुबेर हुसैन, मुस्ताफिजुर रहमान।
dharmpath.com dharmpath