मुंबई, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र बैडमिंटन संघ (एमबीए) ने मंगलवार को रियो ओलम्पिक में रजत पदक जीतने वाली महिला खिलाड़ी पी. वी. सिंधु और राष्ट्रीय बैडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद को एक विशेष समारोह में सम्मानित किया।
इस समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अलावा राज्य के खेल मंत्री विनोद तावड़े भी शामिल थे।
सिंधु को 75 लाख रुपये और गोपीचंद को 25 लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया।
सिंधु को रियो ओलम्पिक के महिला एकल वर्ग के फाइनल में स्पेन की कैरोलिना मारिन ने मात दी थी।
एमबीए के अध्यक्ष अरुण लखानी ने कहा, “हमारे पास काफी प्रतिभशाली खिलाड़ी हैं। हमारे पास बैडमिंटन के बेहतरीन कोच भी हैं। हमें सिर्फ मजबूत ढांचे की जरूरत है, जो दुर्भाग्यवश हमारे पास नहीं है। हमें इन कमियों को दूर करना होगा और खेल के लिए एक साथ आना होगा। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि ऐसा करने से अगले दो वर्षो में हम कई नए उभरते खिलाड़ी देखेंगे।”
dharmpath.com dharmpath