महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की संयुक्त राष्ट्र की अपील

संयुक्त राष्ट्र, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र के एक शीर्ष अधिकारी ने सदस्य देशों, क्षेत्रीय संगठनों और नागरिक समाज से सभी स्तरों पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए साझेदारी बढ़ाने की अपील की है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, चीफ डी कैबिनेट मारिया लुईजा रिबेरो वियोट्टी ने कहा, “हम सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को लागू करने के लिए लैंगिक आंकड़े जुटाने और उनकी समीक्षा को मजबूत करेंगे और सदस्य देशों को लैंगिक समानता के सूचकों की निगरानी करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।”

वियोट्टी शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस की ओर से ‘महिलाएं, शांति और सुरक्षा एजेंडा’ विषय पर सुरक्षा परिषद को संबोधित कर रही थीं।

वियोट्टी ने अपने संबोधन में सुरक्षा क्षेत्र में महिलाओं की पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित करने की जरूरत पर बल दिया।

वियोट्टी ने कहा कि शांतिदूतों में से केवल तीन प्रतिशत महिलाएं हैं। उन्होंने सुरक्षा परिषद को वर्दीधारी महिला कर्मियों की संख्या बढ़ाने में सैन्य और पुलिस में योगदान देने वाले देशों के साथ मिलकर महासचिव द्वारा किए जाने वाले प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी।

वियोट्टी ने साथ ही कहा कि महिलाओं और शांति और सुरक्षा के मुद्दों पर सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1325 पर स्वीकार किए जाने के 17 साल बाद भी सही ढंग से अमल नहीं किया जा रहा।

लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण के लिए संयुक्त राष्ट्र की इकाई की कार्यकारी निदेशक फुमजिल म्लाम्बो-नगुका ने बैठक में कहा कि हालांकि सशस्त्र संघर्ष में महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ अत्याचार पर ध्यान दिया जा रहा है, लेकिन बेहद जरूरी है कि इसके दोषियों को न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाए और इससे बचे लोगों को सम्मानजनक दर्जा और समर्थन दिया जाए।

गौरतलब है कि केवल 17 देशों में राष्ट्राध्यक्ष पद पर महिलाएं निर्वाचित हुई हैं और पिछले दो वर्षो में संकटग्रस्त और संकट से उबर चुके देशों में महिला सांसदों की संख्या 16 प्रतिशत पर ही रुकी हुई है।

उन्होंने सोमालिया और माली का उदाहरण देते हुए कहा कि आरक्षण और विशेष अस्थायी उपायों से मदद मिलेगी।

बैठक में शामिल अन्य वक्ताओं ने भी यौन और लैंगिक हिंसा से प्रभावशाली ढंग से निपटने की जरूरत पर बल दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493