महिला कबड्डी चैलेंज : दिवाज को हरा फाइनल में पहुंचीं फायरबर्ड्स

नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सोमवार को हुए महिला कबड्डी चैलेंज के आखिरी लीग मुकाबले में फायरबर्ड्स ने आइस दिवाज को 22-13 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

अब फायरबर्ड्स का सामना फाइनल में 31 जुलाई को स्टॉर्म क्वींस से होगा।

फाइनल का टिकट हासिल करने उतरी दोनों टीमों के बीच पहले हाफ में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। दोनों ही टीमों की खिलाड़ियों ने एक-एक अंक के लिए बेहतरीन संघर्ष किया।

पहले हाफ तक किसी भी टीम का पलड़ा भारी नहीं लग रहा था। अभिलाषा म्हात्रे की अगुवाई में आइस दिवाज ने मध्यांतर तक 11-10 की बढ़त ले ली थी।

मध्यांतर के बाद भी आइस दिवाज ने अच्छी शुरुआत की और अपनी बढ़त को 13-10 कर लिया।

लेकिन राष्ट्रीय टीम की कप्तान ममता पुजारी के नेतृत्व में खेल रही फायरबर्ड्स टीम ने यहां से मैच में वापसी करनी शुरू की। यह ममता की अनुभवी कप्तानी ही रही कि फायरबर्ड्स ने इसके बाद दीवाज को मैच में एक भी अंक हासिल नहीं करने दिया।

फायरबर्ड्स के लिए के. रिंजू ने रेड से चार जबकि गायत्री ने टैकल से चार अंक हासिल किए, जिसमें दो सुपर टैकल भी शामिल हैं।

आइस दिवाज ने रेड और टैकल से छह-छह अंक हासिल किए, जबकि फायरबर्ड्स ने रेड से आठ और टैकल से 12 अंक जुटाए। फायरबर्ड्स ने दो बार दिवाज को आलआउट भी किया, हालांकि दिवाज एक अतिरिक्त अंक लेने में सफल रहीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493