महिला क्रिकेट : भारत ने जीती एकदिवसीय श्रृंखला, विश्व कप में प्रवेश से चूकी

मुलापदु (आंध्र प्रदेश), 16 नवंबर (आईएएनएस)। आईसीसी महिला चैम्पियनशिप के तहत भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज को बुधवार को खेले गए तीसरे और अंतिम मैच में 15 रनों से हरा दिया।

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने तीन मैचों की श्रृंखला 3-0 से अपने नाम कर ली।

हालांकि इस जीत के बावजूद भारतीय टीम आईसीसी चैम्पियनशिप की अंकतालिका में 18 मैचों में 9 जीत हासिल करते हुए 19 अंक लेकर पांचवां स्थान ही हासिल कर सकी और अगले वर्ष होने वाले आईसीसी विश्व कप में सीधे प्रवेश हासिल करने से चूक गई।

अब भारतीय महिला टीम को विश्व कप में प्रवेश हासिल करने के लिए क्वालिफायर खेलना पड़ेगा।

बुधवार को मुलापदु के गोकाराजु लैला गंगाराजू एसीए क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए अंतिम मैच में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने छह विकेट के नुकसान पर वेस्टइंडीज के सामने 200 रनों का लक्ष्य रखा।

इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मेहमान टीम को 49.1 ओवरों में 184 के स्कोर पर ऑल आउट कर दिया।

भारत के लिए वेदा कृष्णमूर्ति (71) ने सबसे अधिक रन बनाए, जबकि सलामी बल्लेबाज दीप्ति शर्मा ने 23 रनों का अहम योगदान दिया। देविका वैद्य 32 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहीं। भारत की ओर से एकमात्र छक्का झूलन गोस्वामी (18) ने लगाया।

भारत से मिले लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम को केसिया नाइट (55) ने और हैली मैथ्यू (44) ने अच्छी शुरुआत दिलाई।

कैरेबियाई टीम एक समय पांच विकेट पर 166 रन बना चुकी थी और उसे आखिरी की 32 गेंदों में सिर्फ 34 रन चाहिए थे। लेकिन राजेश्वरी गायकवाड के नेतृत्व में भारतीय गेंदबाजों ने यहां से बेहतरीन वापसी की और बेहद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए लगातार विकेट हासिल किए।

राजेश्वरी को सबसे अधिक चार विकेट मिले, जबकि दीप्ति शर्मा, हरमनप्रीत कौर और विद्या ने एक-एक विकेट चटकाए। क्षेत्ररक्षण में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारतीय क्षेत्ररक्षकों ने वेस्टइंडीज के तीन बल्लेबाजों को रन आउट किया।

भारत के लिए पदार्पण मैच खेल रहीं सुकन्या कलाकर कोई विकेट तो नहीं ले सकीं लेकिन उन्होंने बेहद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 2.8 की इकॉनमी से रन दिए। दीप्ति, हरमनप्रीत और वैद्य को एक-एक विकेट मिला।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493