बेंगलुरू, 3 जुलाई (आईएएनएस)। वेदा कृष्णमूर्ति (61) के उम्दा अर्धशतक की बदौलत भारत की महिला क्रिकेट टीम ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शुक्रवार को जारी तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में न्यूजीलैंड के सामने 183 रनों का लक्ष्य रखा है।
भारतीय महिलाओं ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट पर 182 रन बनाए। भारतीय पारी में 3.64 के औसत से बने और अब कीवी महिलाओं को 3.65 के औसत से रन बनाते हुए यह मैच जीतना है।
वेदा के अलावा भारत के लिए कप्तान मिताली राज ने 30 और दिप्ती शर्मा ने 22 रनों की पारी खेली। इसके अलावा निरांजना नागराजन (12) और हरमनप्रीत कौर (11) ही दहाई तक पहुंच सकीं। वेदा ने अपनी 85 गेंदों की पारी में छह चौके लगाए।
मिताली ने 70 गेंदों की जुझारू पारी में पांच चौके लगाए। भारत की तीन बल्लेबाज रन आउट हुईं। न्यूजीलैंड की ओर से सोफी डिवाइन ने तीन विकेट लिए।
dharmpath.com dharmpath