गुरुग्राम, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। हीरो महिला इंडियन ओपन गोल्फ टूर्नामेंट का 12वां संस्करण गुरुवार से यहां के डीएलएफ गैरी प्लेयर्स कोर्स पर शुरू हो रहा है। फ्रांस की कैमिले चेवलायर की नजरें अपना खिताब बचाने पर होंगी तो वहीं भारत की उम्मीदें वाणी कपूर पर टिकी हैं।
2016 में यह खिताब जीतने वाली भारत की अदिति अशोक इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहीं हैं। अदिति इस समय चीन में एलपीजी टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहीं हैं। उनका न होना भारत की खिताबी उम्मीदों के लिए बड़ा झटका है।
वाणी से उम्मीदें होंगी लेकिन उनके लिए चेवलायर, स्पेन की सिलविया बनोन, कैरोलिना हेडवाल जैसी शीर्ष खिलाड़ियों की चुनौती का सामना करना आसान नहीं होगा।
जुलिया इंग्स्ट्रोम पहली बार इंडियन ओपन में हिस्सा ले रही हैं। वह इस टूर्नामेंट में पदार्पण को यादगार बना सकती हैं।
इंग्स्ट्रोम अगर जीत हासिल करती हैं तो वह पदार्पण में इस टूर्नामेंट को जीतने वाली पांचवीं खिलाड़ी बन जाएंग। उनसे पहले हेडवाल (2011), एमिली पेडेरसन (2015), अदिति (2016) और कैमिले (2017) ने यह उपलब्धि हासिल की है।
भारतीय खिलाड़ियों की बात की जाए तो वाणी के अलावा गौरिका विश्नोई, गुरसिमर वाडवाल, तवेशा मलिक से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
30 देशों की कुल 120 खिलाड़ी 21 अक्टूबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी।
dharmpath.com dharmpath