गुड़गांव, 9 नवंबर (आईएएनएस)। डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब हीरो वुमंस इंडियन ओपन के 10वें संस्करण की मेजबानी करने के लिए तैयार है।
शुक्रवार से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट में भारत की अग्रणी महिला गोल्फ खिलाड़ी दुनिया की दिग्गज खिलाड़ियों को टक्कर देती नजर आएंगी।
मौजूदा चैम्पियन एमिली प्रेडेसेन जहां अपना खिताब बचाने का लक्ष्य लेकर उतरेंगी, वहीं ब्रिटनी लिंसीकोम, बेथ एलेन जैसी दिग्गज खिलाड़ी उनके इस लक्ष्य को कठिन बनाने में पूरी जी-जान लगाएंगी।
बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में एमिली ने कहा, “यहां वापस आकर मुझे अच्छा लग रहा है। मैंने यहां पिछले साल अपना पहला खिताब जीता था। इसलिए मेरे पास यहां से जुड़ी अच्छी यादें हैं। कोर्स में कुछ बदलाव किए गए हैं और यह पहले से बेहतर है।”
रियो ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली अदिती अशोक भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। अदिती के अलावा घरेलू सत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली वाणी कपूर और शर्मिला निकोलेट भारत की ओर से खिताब की प्रबल दावेदार होंगी।
वाणी का मौजूदा घरेलू सत्र बेहतरीन रहा है। वह विश्व स्तर के खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने की चुनौती को अच्छी तरह जानती है और इसके लिए पूरी तरह से तैयार भी हैं।
इस टूर्नामेंट में कुल 114 खिलाड़ी अपनी किस्मत अजमाएंगी।
dharmpath.com dharmpath