ग्रेटर नोएडा, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। मौजूदा सत्र में शानदार फॉर्म में चल रहीं अनुभवी खिलाड़ी नेहा त्रिपाठी बुधवार से जेपी ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में शुरू हो रहे हीरो वुमेंस प्रोफेशलन गोल्फ टूर के 13वें संस्करण में वर्ष की तीसरा खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर उतरेंगी।
ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर चल रहीं नेहा इस वर्ष तीसरे और चौथे चरण की विजेता रहीं और तीन बार उप-विजेता रहीं।
हालांकि पांच खिताब जीतने वाली वाणी कपूर से उन्हें कड़ी चुनौती मिलेगी। बीते दो वर्ष से ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता रहीं वाणी के लिए पिछले कुछ टूर्नामेंट अच्छे नहीं रहे और इस समय वह ऑर्डर ऑफ मेरिट में तीसरे स्थान पर हैं।
13वें संस्करण में जिन अन्य खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है उनमें अमनदीप द्राल और गुरसिमर बडवाल का नाम सबसे ऊपर है।
पंचकुला की अमनदीप इस वर्ष तीन खिताब जीतने में सफल रहीं और ऑर्डर ऑफ मेरिट में दूसरे पायदान पर विराजमान हैं। वहीं इस वर्ष करियर का पहला प्रोफेशनल खिताब जीतने वाली गुरसिमर निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर ऑर्डर ऑफ मेरिट में चौथा स्थान हासिल करने में सफल रही हैं।
गुरसिमर ने मुंबई में हुए पांचवें चरण में खिताब अपने नाम किया था और बेंगलुरू में हुए आठवें चरण में वह उप-विजेता रही थीं।
पुणे की श्वेता ग्लांडे, चंडीगढ़ की सानिया शर्मा, दिल्ली की अंकिता तिवाना और गैर-पेशेवर खिलाड़ी अनीशा पादुकोण और श्रेया घेई भी टूर्नामेंट को चुनौती पूर्ण बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ने वाली।
dharmpath.com dharmpath