कोलकाता, 4 फरवरी (आईएएनएस)। हीरो महिला प्रोफेशनल गोल्फ टूर के तीसरे चरण के टूर्नामेंट में दूसरे दिन गुरुवार को गैर-पेशेवर त्वेशा मलिक के साथ अनुभवी नेहा त्रिपाठी और श्वेता गलांडे ने 153 का समान स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया।
रॉयल कलकत्ता गोल्फ क्लब में चल रहे खेल के दूसरे दिन युवा प्रतिभा त्वेशा ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और एक ओवर 73 का स्कोर कर वह शीर्ष पर पहुंच गईं।
सानिया शर्मा और शर्मिला निकोलेट एक स्ट्रोक के अंतर से संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहीं।
पहले दिन आठवें स्थान पर रहीं त्वेशा की शुरुआत अच्छी रही और दूसरे ही होल पर उन्होंने बर्डी हासिल किया। हालांकि अगले ही होल पर वह शॉट चूक गईं। पांचवें होल पर दोबारा बोगी लगा बैठे, लेकिन छठे होल पर बर्डी लगाते हुए उन्होंने मध्यांतर तक पार स्कोर कायम रखा।
मध्यांतर के बाद उन्होंने बेहद संभलकर खेलना शुरू किया, हालांकि 14वें और 16वें होल पर फिर वह दो बोगी लगा बैठीं। अंतत: 18वें होल पर बर्डी लगाते हुए त्वेशा दिन की सर्वोच्च स्कोरर रहीं।
नेहा त्रिपाठी चौथे और 15वें होल पर दो बर्डी हासिल कर सकीं, जबकि उन्होंने पहले, आठवें और 11वें होल पर तीन बोगी और छठे होल पर डबल बोगी लगाए।
बेहतर शुरुआत करने वाली सानिया शर्मा का प्रदर्शन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। तीसरे और चौथे होल पर बर्डी लगाने के साथ पांचवें होल तक दो अंडर का स्कोर बना चुकीं सानिया छठे, सातवें और 12वें होल पर चूक गईं। 15वें होल पर उन्होंने एक और बर्डी हासिल की, हालांकि अगले ही होल पर वह फिर से बोगी लगा बैठीं। सानिया 73 का स्कोर कर त्वेशा के साथ दिन की सर्वोच्च स्कोरर रहीं।
गौरतलब है कि हीरो ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर मौजूद दिल्ली की वाणी कपूर अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में व्यस्त होने के चलते टूर्नामेंट से बाहर हैं।
dharmpath.com dharmpath