अहमदाबाद, 5 जनवरी (आईएएनएस)। केंसविले गोल्फ एंड कंट्री क्लब में मंगलवार से शुरू हुए हीरो महिला प्रोफेशनल गोल्फ टूर के पहले चरण के पहले दिन मेहर अटवाल और किरन माथारू ने तीन ओवर 75 का समान स्कोर करते हुए बढ़त हासिल कर ली।
बीते वर्ष हीरो गोल्फ ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर रहीं दिल्ली की वाणी कपूर एक स्ट्रोक से पीछे तीसरे स्थान पर हैं।
मेहर की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और शुरुआती दोनों होल पर उनके शॉट चूक गए। इसके बाद उन्होंने संयम से खेलते हुए अच्छी वापसी की, हालांकि सातवें होल पर वह फिर से डबल बोगी लगा बैठीं।
मध्यांतर के बाद उन्होंने अधिक नियंत्रण दिखाया और 12वें तथा 16वें होल पर दो बर्डी लगाई, जबकि 13वें होल पर एक बोगी ने उन्हें दो ओवर 75 के स्कोर पर रोक दिया।
विदेशी खिलाड़ी किरन माथारू के लिए शुरुआत अच्छी नहीं रही और मध्यांतर तक उन्होंने दूसरे और सातवें होल पर दो बोगी लगाई और छठे होल पर एकमात्र बर्डी हासिल कर सकीं।
मध्यांतर के बाद 13वें होल पर बर्डी लगाकर उन्होंने बढ़त ले ली, लेकिन 16वें, 17वें और 18वें होल पर वह लगातार तीन बोगी लगा बैठीं और मेहर के साथ उन्हें शीर्ष स्थान साझा करना पड़ा।
वाणी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। दूसरे और छठे होल पर बोगी लगाने के बाद वाणी मध्यांतर से पहले आठवें होल पर एकमात्र बर्डी हासिल कर सकीं। मध्यांतर के बाद भी 14वें होल पर उन्होंने एकमात्र बर्डी लगाई और 10वें, 11वें, 16वें और 17वें होल पर लगाए गए चार बोगी ने उन्हें तीसरे स्थान पर धकेल दिया।
कपूरथला की गुरसिमर बडवाल और पुणे की श्वेता गलांडे सात ओवर 79 के समान स्कोर के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहीं, जबकि सानिया शर्मा और अंकिता तिवाना ने आठ ओवर 80 का समान स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से आठवां स्थान हासिल किया।
dharmpath.com dharmpath