बेंगलुरू, 20 जुलाई (आईएएनएस)। हीरो महिला गोल्फ प्रो चैम्पियनशिप के पहले दिन पंचकूला की अमनदीप द्राल ने बढ़त हासिल कर ली है। बुधवार को कर्नाटक गोल्फ संघ मैदान पर चल रहे छह लाख रुपये इनामी राशि वाले मुकाबले में अमनदीप ने 2-अंडर-70 का स्कोर किया।
उनके पीछे दूसरे स्थान पर गुरसिमर बडवाल और मिली सरोहा हैं। दोनों ने पहले दिन 3 ओवर 75 का स्कोर किया।
अमनदीप ने शानदार शुरुआत की और पहले होल पर ही बर्डी लगाई। वह यहीं नहीं रूकीं और चौथे, छठे, आठवें और नौवें होल पर भी उन्होंने बर्डी हासिल की। हालांकि वह पांचवें और सातवें होल पर एक शॉट से चूक गईं। उन्होंने 16वें होल पर भी बर्डी लगाई।
संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहने वाली गुरसिमर और मिली ने भी अच्छा खेल दिखाया।
गुरसिमर की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और वह पहले, चौथे और पांचवें होल पर बोगी और छठे होल पर डबल बोगी खेल बैठीं।
पहले नौ होल में वह सिर्फ एक ही बर्डी लगा पाईं। तीसरे होल पर उन्होंने बर्डी लगाई। लेकिन मध्यांतर के बाद उन्होंने अच्छी वापसी की। 17वें होल पर बर्डी खेलते हुए उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया।
वहीं मिली ने पहले दिन चार बर्डी लगाईं। उन्होंने पहले, नौवें, 10वें और 13वें होल पर ये बर्डी लगाए। हालांकि, दूसरे, तीसरे, चौथे, सातवें और 12वें होल पर बोगी और पांचवें होल में डबल बोगी खेलने का उन्हें नुकसान उठाना पड़ा जिसके कारण वह दूसरे स्थान पर रहीं।
dharmpath.com dharmpath