ग्रेटर नोएडा, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। वाणी कपूर ने शुक्रवार को 13वें हीरो महिला पेशेवर गोल्फ टूर का खिताब अपने नाम कर लिया है। यह इस सीजन में वाणी का छठा खिताब है।
जेपी ग्रींस गोल्फ कोर्स पर खेले गए इस टूर्नामेंट के तीसेर दिन शुक्रवार को वाणी ने वन अंडर 71 का स्कोर किया। उनका कुल स्कोर 214 रहा।
यह वाणी का नौ मुकाबलों में छठां खिताब है। गुरसिमर बाडवाल 222 के कुल स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। तीसरे स्थान पर सानिया शर्मा ने कब्जा जमाया।
वाणी ने अच्छी शुरुआत की और पांचवें, छठे एवं नौवें होल में तीन बर्डी लगाईं। सातवें होल में वह एक शॉट से चूक गईं। जीत की ओर बढ़ रहीं वाणी ने मध्यांतर के बाद सावधानीपूर्वक खेल खेला और 12वें होल में सिर्फ एक बोगी लगाई। वह गुरसिमर से आठ शॉट आगे रहीं।
गुरसिमर के लिए आज का दिन अच्छा नहीं रहा हालांकि उन्होंने दिन की शुरुआत अच्छी की थी और तीसरे होल में बर्डी लगाई थी।
लेकिन इसके बाद वह लड़खड़ा गईं और चौथे, छठे, आठवें एवं 15वें होल में बोगी लगाई। इससे भी ज्यादा वह नौवें और 14वें होल डबल बोगी लगा बैठीं।
17वें होल में बर्डी लगाकर उन्होंने कुछ राहत की सांस ली और दूसरा स्थान हासिल किया। तीसरे दिन उन्होंने सिक्स ओवर 78 का स्कोर किया।
223 के कुल स्कोर के साथ सानिया तीसरे स्थान पर रहीं। तीसरे दिन उन्होंने वन ओवर 73 का स्कोर किया।
dharmpath.com dharmpath