महिला गोल्फ : सातवें चरण के पहले दौर में सानिया ने ली बढ़त

पुणे, 3 मार्च (आईएएनएस)। चंडीगढ़ निवासी सानिया शर्मा ने हीरो महिला प्रोफेशन गोल्फ टूर के सातवें चरण के टूर्नामेंट में पहले दिन बुधवार को पार 71 का स्कोर हासिल कर बढ़त ले ली।

पुणे क्लब गोल्फ कोर्स में चल रहे सातवें चरण के पहले दौर में हालांकि मेहर अटवाल द्वारा 13वें होल पर हासिल होन इन वन आकर्षण का केंद्र रहा।

पार तीन वाले इस होल पर अटवाल ने एक ही शॉट में गेंद होल में डाल दी।

तीसरे चरण की विजेता रहीं इंग्लैंड की किरन माथारू एक ओवर 72 के स्कोर के साथ दूसरे जबकि छठे चरण की विजेता रहीं स्मृति मेहरा दो ओवर 73 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

पहले ही होल पर डबल बुगी के साथ सानिया ने बेहद खराब शुरुआत की। शुरुआती नौ होल तक सानिया ने तीन और बुगी लगाए, जबकि छठे होल पर एकमात्र बर्डी के साथ वह चार ओवर 39 के स्कोर पर थीं।

मध्यांतर के बाद लेकिन सानिया ने जबरदस्त वापसी की और लगातार तीन होल (12वें, 13वें, 14वें) पर उन्होंने बर्डी लगाए। सानिया ने 10वें होल पर भी बर्डी लगाया और कुल स्कोर पार 71 तक पहुंचाने में सफल रहीं।

पहले, चौथे और पांचवें चरण में खिताब जीतने वाली तथा तीसरे चरण में दूसरे पायदान पर रहीं और ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर चल रहीं वाणी कपूर दो ओवर 73 के स्कोर हासिल कर स्मृति मेहरा के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493