लुधियाना, 9 मई (आईएएनएस)। गोकुलाम एफसी ने हीरो इंडियन वुमेंस लीग (आईडब्ल्यूएल) में गुरुवार को गुरु नानक स्टेडियम में खेले गए मैच में एसएसबी वूमेन फुटबाल क्लब को 5-0 से हरा दिया।
गोकुलाम एफसी के लिए अंजू तमांग ने पहले और 89वें मिनट में जबकि अनिता रावत ने 39वें मिनट में, रंजना चानू ने 46वें मिनट में और बाविटलुंग ने 74वें मिनट में गोल किए।
अंजू ने मैच शुरू होने के 14 सेकेंड के अंदर ही गोल दाग दिया, जोकि 2018-19 सीजन का सबसे तेज गोल है। पहला गोल होने के बाद एसएसबी की टीम वापसी करने में विफल रही और अनिता ने हाफ टाइम समाप्त होने से पहले ही गोल करके गोकुलाम की बढ़त को दोगुना कर दिया।
गोकुलाम ने इसके बाद दूसरा हाफ शुरू होते ही चानू की गोल के सहारे स्कोर को 3-0 तक पहुंचा दिया। टीम ने इसके बाद फिर 74वें और 89वें मिनट में दो और गोल दागकर मुकाबला 5-0 से अपने नाम कर लिया।
dharmpath.com dharmpath