जियाशिंग (चीन), 24 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय ग्रैंड मास्टर हरिका द्रोणावल्ली ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को चीनी ए-डिवीजन चेस लीग में पहली जीत दर्ज की।
चीनी लीग में हरिका की यह दूसरी बाजी थी, जिसमें उन्हें पहली जीत मिली। हरिका की पहली बाजी ड्रॉ रही थी।
टीम प्रारूप वाले इस लीग टूर्नामेंट में हरिका ने टीम शानडोंग के लिए खेलते हुए टीम तियानजिंग की अपनी प्रतिद्वंद्वी नी शिकुन को हराया।
इससे पहले टीम जियांगसू की की गुओ के खिलाफ हरिका ने ड्रॉ खेला था।
रविवार को बाजी जीतने के बाद हरिका ने कहा, “मैंने काले मोहरों से खेलते हुए शुरुआती चरण में ही बाजी को जटिल स्थिति में ले जाने में कामयाब रही। मेरी प्रतिद्वंद्वी ने कुछ गलतियां कीं, जिनका मैंने पूरा फायदा उठाया और 26 चालों में बाजी जीत ली। मैं अपने खेल से बहुत खुश हूं।”
चीनी लीग में खेल रहीं एक अन्य भारतीय ग्रैंड मास्टर पेंटाला हरिकृष्णा भी टीम गुआंगडोंग के लिए अपनी बाजी जीतने में सफल रहीं। हरिकृष्णा टीम शंघाई के लिए खेल रही हैं।
हरिका अब टीम हांगझोऊ की शेंगशिन झाओ से जबकि हरिकृष्णा टीम बीजिंग की यू यांग्यी से सोमवार को अगली बाजियां खेलेंगी।
चीनी शतरंज लीग काफी प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है जो हर वर्ष 12 टीमों के बीच खेला जाता है। चीनी लीग में चीन की सभी शीर्ष खिलाड़ी और कुछ अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी भी हिस्सा लेती हैं।
dharmpath.com dharmpath