महिला हॉकी : आस्ट्रेलिया हॉकी लीग का पहला मैच हारी इंडिया-ए

पर्थ (आस्ट्रेलिया), 29 सितम्बर (आईएएनएस)। इंडिया-ए महिला टीम को आस्ट्रेलिया हॉकी लीग (एएचएल) में शुक्रवार को खेले गए अपने पहले मैच में विक्टोरिया टीम से हार का सामना करना पड़ा।

विक्टोरिया ने लीग के पहले मैच में इंडिया-ए की महिला टीम को 3-1 से मात दी।

इस मैच में भारत के लिए कप्तान प्रीति दूबे ने एकमात्र गोल किया।

पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने अपने अच्छे डिफेंस का उदाहरण दिया और इस कारण एक भी गोल नहीं हो पाया। विक्टोरिया ने दूसरे क्वार्टर में अवसर का फायदा उठाते हुए गोल किया।

विक्टोरिया के लिए 22वें मिनट में एमिली हट्र्ज ने गोल किया। हालांकि, भारत को इस दौरान स्कोर को बराबर करने का मौका मिला था, लेकिन मेहमान टीम इसका फायदा नहीं उठा पाई।

तीसरे क्वार्टर में विक्टोरिया ने भारतीय टीम पर अपना दबदबा कायम कर लिया। 41वें मिनट में एसिलिंग उटरी ने पेनाल्टी स्ट्रोक को गोल में तब्दील किया और विक्टोरिया को 2-0 की बढ़त दी।

भारतीय टीम ने 47वें मिनट में कप्तान प्रीति की ओर से किए गए गोल के दम पर खाता तो खोला, लेकिन विक्टोरिया टीम की बराबरी नहीं कर पाई।

विक्टोरिया के लिए मैच की समाप्ति से पांच मिनट पहले 55वें मिनट में मादी रेटस्लिफे ने पेनाल्टी कॉर्नर पर मिले अवसर को गोल में तब्दील किया और टीम को इंडिया-ए की महिला टीम पर 3-1 से जीत दिलाई।

भारतीय टीम का सामना अब पूल-बी में शनिवार को न्यू साउथ वेल्स से होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493