महिला हॉकी : एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम की पहली जीत

सिंगापुर, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी सीनियर टीम ने एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी के अपने दूसरे मुकाबले में रविवार को दक्षिण कोरिया को 2-1 से मात दे दी।

भारतीय टीम तीसरे क्वार्टर की समाप्ति तक 0-1 से पीछे चल रही थी, लेकिन चौथे क्वार्टर में रानी रामपाल और दीपिका ने लगातार दो गोल करते हुए भारत को जीत दिलाई।

भारतीय महिला टीम की टूर्नामेंट में यह पहली जीत है। जापान के खिलाफ भारतीय टीम का पहला मैच 1-1 से बराबर रहा था।

पहला क्वार्टर बहुत ही कड़े मुकाबले वाला रहा, हालांकि कोई भी टीम गोल हासिल नहीं कर पाई। भारतीय खिलाड़ियों ने पहले क्वार्टर में कई अच्छे हमले किए, हालांकि सफलता नहीं मिली।

दूसरे क्वार्टर में कोरिया के लिए ईस्यूल बेक ने 28वें मिनट में फील्ड गोल कर भारत पर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। मध्यांतर तक कोरियाई टीम बढ़त कायम रखने में भी सफल रही।

हालांकि भारतीय टीम के लिए तीसरा क्वार्टर भी सफलता नहीं ला सका। दोनों टीमें इस क्वार्टर में गोल हासिल नहीं कर सकीं और कोरिया 1-0 से बढ़त कायम रखने में कामयाब रहा।

लेकिन चौथा क्वार्टर भारतीय महिलाओं के लिए करो या मरो वाला हो गया और उन्होंने कोरियाई टीम पर दबाव बनाते हुए पेनाल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। रानी रामपाल ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को 1-1 से बराबरी पर ला दिया। भारत के लिए यह गोल मैच के 47वें मिनट में आया।

कोरिया अभी दोबारा बढ़त लेने के बार में सोच पाती इससे पहले भारतीय स्ट्राइकरों ने जमकर हमले शुरू कर दिए और दीपिका ने शानदार फील्ड गोल कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया।

दीपिका का यह गोल भारतीय टीम के लिए विजयी गोल साबित हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493