महिला हॉकी : जर्मनी ने भारत को 3-0 से हराया

स्टेलेनबॉश (दक्षिण अफ्रीका), 28 फरवरी (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर आई भारत की महिला हॉकी टीम को शनिवार को पहली हार का सामना करना पड़ा। जर्मनी ने उसे 3-0 से हराया।

दोनों टीमों के बीच शुरुआती दो क्वार्टर में जोरदार टक्कर हुई। पहला क्वार्टर 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ था। दूसरे क्वार्टर में भारत को पेनाल्टी कार्नर पर गोल करने का शानदार मौका मिला था लेकिन वह उसे भुना नहीं सकी।

दूसरे क्वार्टर के अंतिम क्षणों में जर्मनी ने लाइडिया हासे के शानदार फील्ड गोल की मदद से 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

तीसरे क्वार्टर में जर्मन टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और अपनी बढ़त को दो गुना करने की कोशिश की। इस क्वार्टर के अंतिम क्षणों तक उसे सफलता नहीं मिली लेकिन अंतिम पलों में भारत ने अपना संयम खोया और जर्मनी की ओर से पिया सोफी ओल्डहाफेर ने गोल करते हुए अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया।

अंतिम क्वार्टर में जर्मनी ने अपनी स्थिति मजबूत करने का प्रयास किया और भारत ने बराबरी करने का प्रयास किया। इस क्रम में दोनों टीमों को ओर से कुछ बेहतरीन आक्रमण हुए।

सफलता हालांकि जर्मन टीम को इस क्वार्टर के अंतिम पलों में मिली। उसे पेनाल्टी कार्नर मिला, जिस पर गोल करके जूलिया मुलर ने अपनी टीम को 3-0 से आगे कर दिया।

भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे का अगला मुकाबला 28 फरवरी को होगा। भारतीय टीम एक बार फिर जर्मन टीम से भिड़ेगी और हिसाब बराबर करने का प्रयास करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493