महिला हॉकी टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 1 लाख का ईनाम (लीड-1)

नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने 13 साल का सूखा खत्म करते हुए महिला एशिया कप खिताब पर अपना कब्जा जमाया।

टीम की इस उपलब्धि से खुश हॉकी इंडिया (एचआई) ने प्रत्येक खिलाड़ी के लिए एक-एक लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह के लिए भी एक लाख रुपये की ईनामी राशि की घोषणा की गई है।

इसके अलावा, टीम के सहयोगी स्टॉफ के सदस्यों को 50-50 हजार रुपये पुरस्कार के तौर पर दिए जाएंगे।

इस मौके पर हॉकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, “13 साल बाद भारतीय टीम को मिला एशिया कप की खिताबी जीत बेहतरीन है। इस टूर्नामेंट के दौरान और विश्व कप में क्वालीफाई करने के लिए टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया।”

अहमद ने कहा, “इस मौके पर एचआई कप्तान रानी और पूरी टीम के साथ-साथ समर्थक, कोचिंग टीम को बधाई देना चाहता है। हमें इस जीत पर बहुत गर्व है और भविष्य के लिए टीम के साथ हमारी शुभकामनाएं हैं।”

उल्लेखनीय है कि महिला हॉकी टीम ने चीन को फाइनल के रोमांचक मुकाबले में 5-4 से मात देकर 13 साल बाद एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। भारतीय टीम ने पिछली बार 2004 में यह टूर्नामेंट जीता था।

इस खिताबी जीत के साथ ही भारतीय टीम ने अगले साल होने वाले महिला विश्व कप टूर्नामेंट में अपना स्थान भी पक्का कर लिया है।

एशिया कप टूर्नामेंट में भारत ने खिताबी जीत तक का सफर तय करते हुए आठवीं विश्व वरीयता प्राप्त चीन और 11वीं विश्व वरीयता प्राप्त जापान को मात दिए और कुल 28 गोल किए।

इस टूर्नामेंट में भारत की सबसे अच्छी जीत सिंगापुर के खिलाफ ग्रुप-स्तर पर मिली थी। भारतीय टीम ने 10-0 से जीत हासिल की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493