हेस्टिंग्स (न्यूजीलैंड), 16 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम गुरुवार को हॉक्स बे कप के क्वार्टर फाइनल में मेजबान न्यूजीलैंड से 1-4 से हार गई।
मैच का पहला गोल हालांकि भारतीय टीम की ओर से हुआ लेकिन न्यूजीलैंड की महिलाओं ने इसके बाद शानदार वापसी की और चार गोल दागने में सफल रहीं।
भारत को मैच के छठे मिनट में ही पेनाल्टी कार्नर मिला और कप्तान रितु रानी ने इस मौके का फायदा उठाते हुए टीम को बढ़त दिला दी।
न्यूजीलैंड की खिलाड़ियों ने अगले ही मिनट में पलटवार किया और पेट्रिया वेब्स्टर ने सफलतापूर्वक एक फील्ड गोल दाग स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
कुछ देर बाद ही न्यूजीलैंड को पेनाल्टी कार्नर के रूप में एक और मौका मिला, लेकिन भारतीय टीम इसका बचाव करने में कामयाब रही।
दूसरे क्वार्टर और मैच के 17वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कार्नर मिला लेकिन टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी। इसके बाद न्यूजीलैंड ने 28वें मिनट में भारतीय रक्षा पंक्ति को भेदते हुए 2-1 की बढ़त हासिल की।
न्यूजीलैंड ने तीसरा गोल तीसरे क्वार्टर के आखिर में किया। मैच का चौथा और आखिरी गोल 55वें मिनट में इला गनसन ने दागा।
dharmpath.com dharmpath