महिला हॉकी : भारत ने दक्षिण कोरिया को 2-1 से मात दी (लीड-1)

जिनचेयोन (दक्षिण कोरिया), 20 मई (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने दक्षिण कोरिया दौरे की विजयी शुरूआत करते हुए मेजबान टीम को सोमवार को 2-1 से हरा दिया।

इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का दूसरा मैच बुधवार को खेला जाएगा।

भारत ने पहले क्वार्टर के 11वें मिनट में ही लालरेमसियामी की गोल की मदद से 1-0 की बढ़त बना ली और वह पहले हाफ में 1-0 से आगे था।

दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने सकारात्मक शुरूआत की और 40वें मिनट में नवनीत की गोल की मदद से स्कोर को 2-0 तक पहुंचा दिया।

कोरिया ने चौथे और अंतिम क्वार्टर में अच्छी वापसी और उसने गोल करने के कई प्रयास किए। टीम को चौथे और अंतिम क्वार्टर में पांच पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन मेजबान टीम चार पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल हासिल नहीं कर पाई।

शिन हेयेजियोंग ने आखिरकार 48वें मिनट में गोल कर दक्षिण कोरिया के स्कोर को 1-2 कर दिया। टीम ने इसके बाद कई हमले किए, लेकिन भारत की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने मेजबान टीम मैच में बराबरी हासिल नहीं कर पाई और भारतीय टीम ने 2-1 से मुकाबला जीत लिया।

भारत के मुख्य कोच शोर्ड मारिने ने मैच के बाद कहा, “यह हमारा पहला मैच था और परिणाम अच्छा रहा, लेकिन प्रदर्शन और बेहतर हो सकता है। हमने कुछ नये प्रयोग किये और उन पर टीम खरी उतरी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493