महिला हॉकी : राष्ट्रीय शिविर के लिए 33 खिलाड़ियों का चयन (लीड-1)

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया (एचआई) ने शनिवार को राष्ट्रीय शिविर के लिए 33 सदस्यीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी।

यह टीम अब बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के केंद्र में प्रशिक्षण लेगी। इस राष्ट्रीय शिविर की शुरुआत 26 नवम्बर से हो रही है।

मुख्य कोच हरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में अब महिला टीम 23 दिसम्बर तक राष्ट्रीय शिविर में प्रशिक्षण लेगी। हाल ही में चीन को फाइनल में हराकर महिला टीम ने एशिया कप-2017 का खिताब अपने नाम कर इतिहास रचा था।

कोच हरेंद्र ने कहा कि इस शिविर में उनका लक्ष्य टीम की तेजी और मजबूती में सुधार करना है। इसके साथ ही कुछ जूनियर खिलाड़ियों पर भी नजर रखी जाएगी।

इस खिताबी जीत से टीम ने न केवल अगले साल लंदन में होने वाले महिला हॉकी विश्व कप-2018 में प्रवेश हासिल किया था, बल्कि विश्व रैंकिंग में शीर्ष-10 टीमों में अपनी जगह बनाई। इस रैंकिंग में भारतीय महिला हॉकी टीम 10वें स्थान पर है।

कोच हरेंद्र का मानना है कि टीम केवल एशिया कप खिताब की उपलब्धि तक ही सीमित नहीं रहना चाहती। उन्होंने कहा, “भारतीय हॉकी के लिए 2018 बहुत अहम साल है। हमने एशिया कप में अपने अच्छे प्रदर्शन से विश्व रैंकिंग में शीर्ष-10 में जगह बनाई, लेकिन हमारे लिए राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और विश्वकप अहम टूर्नामेंट हैं। इस कारण, इस प्रशिक्षण सत्र में हम टूर्नामेंटों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अपनी तैयारियों को पुख्ता करने पर जोर देंगे।”

महिला हॉकी टीम :-

गोलकीपर : सविता, राजानी एतिमार्पु, स्वाति

डिफेंडर : दीप ग्रेस एक्का, पी. सुशीला चानू, सुनीता लाकड़ा, गुरजीत कौर, हनियालुम लाल रुआत फैली, नवदीप कौर, रश्मिता मिंज, नीलू दादिया

मिडफील्डर : नमिता टोप्पो, निक्की प्रधान, दीपिका, करिश्मा यादव, रेणुका यादव, नवजोत कौर, मोनिका, लिलिमा मिंज, नेहा गोयल, उदिता, एम. लिलि चानू, नीलांजली राय

फॉरवर्ड : रानी, वंदना कटारिया, प्रीति दूबे, रीना खोक्कर, अनुपा बार्ला, सोनिका, लालरेमसियामी, पूनम रानी, नवनीत कौर और नवप्रीत कौर

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493