नई दिल्ली- सत्या नडेला द्वारा संचालित माइक्रोसॉफ्ट ने एयरबीएनबी समर्थित भारतीय बजट होटल चेन ओयो में 50 लाख डॉलर का निवेश किया है, जिससे इसका मूल्यांकन अब 9 अरब डॉलर हो गया है।
यह निवेश ऐसे समय पर हुआ है, जब हॉस्पिटैलिटी चेन जल्द ही संभावित प्रारंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) की योजना बना रही है।
इस सप्ताह ओयो द्वारा एक नियामक फाइलिंग में कहा गया है कि माइक्रोसॉफ्ट ने इक्विटी शेयर और निजी नियोजन आधार पर अनिवार्य परिवर्तनीय संचयी वरीयता शेयरों के माध्यम से 50 लाख डॉलर (लगभग 37 करोड़ रुपये) का निवेश किया है।
हाल की तिमाहियों में सॉफ्टबैंक द्वारा ओयो की वैल्यू केवल तीन अरब डॉलर आंकी गई थी, जो उसके सबसे बड़े निवेशकों में से एक है।
विश्वसनीय सूत्रों ने पिछले महीने आईएएनएस को बताया था कि उचित नियामक प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक सौदा (डील) जल्द ही पूरा हो सकता है। उस समय सौदे की वैल्यू का पता नहीं चल सका था।
रितेश अग्रवाल द्वारा संचालित हॉस्पिटैलिटी चेन में एयरबीएनबी, चीनी राइड-हेलिंग दिग्गज दीदी चक्सिंग और राइड-हेलिंग फर्म ग्रैब रणनीतिक निवेशक हैं।
dharmpath.com dharmpath