मातृत्व के रूप में बिताया सयम सबसे सुखद : रानी मुखर्जी

मुंबई, 21 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने कहा कि एक मां के रूप में उन्होंने जो समय बिताया है, वह उनके जीवन का सबसे सुखद क्षण है।

अभिनेत्री ने फिल्मकार आदित्य चोपड़ा से 2014 में शादी की थी और 2015 को उन्होंने बेटी आदिरा को जन्म दिया।

रानी का मंगलवार को जन्मदिन है। इससे एक दिन पहले उन्होंने फेसबुक पर अपने प्रशंसकों से बातचीत के दौरान इस बारे में बात की।

एक प्रशंसक ने जब उनसे मां बनने के अनुभव के बारे में पूछा, तो रानी ने कहा, “यह एक अद्वितीय अनुभव है। गर्भावस्था के नौ माह और उसके बाद मातृत्व के करीब डेढ़ साल मेरे जीवन के सबसे सुखद साल हैं। मैं आदिरा को एक-एक दिन बढ़ते देख रही हूं और हर दिन एक नई उपलब्धि सी है।”

अभिनेत्री ने कहा, “एक मां होना बहुत ही अनोखा एहसास है। आपकी जिंदगी रातोंरात बदल जाती है, क्योंकि हर दिन आपको एक नया अनुभव मिलता है। मैं और भी मजबूत हुई हूं। मां बनने के साथ आपके जीवन में कई चीजें भी आती हैं। मैं आदिरा के साथ अपने आने वाले समय को लेकर उत्साहित हूं।”

सोशल मीडिया से अनुपस्थिति के बारे में रानी ने कहा, “मैं सोशल मीडिया पर नहीं हूं और न ही मैं अपनी बेटी के साथ फोटो को इस पर साझा करती हूं। मेरे पति काफी निजी व्यक्ति हैं और मैं इसका सम्मान करती हूं। मुझे अपने प्रशंसकों को किसी चीज के लिए न कहना भी अच्छा नहीं लगता। खासकर जब वे मुझसे फोटो पोस्ट करने के लिए कहते हैं।”

रानी को पिछली बार 2014 में आई फिल्म ‘मर्दानी’ में महिला पुलिस अधिकारी के दमकार किरदार में देखा गया था। उन्हें अब आगामी फिल्म ‘हिचकी’ में देखा जाएगा, जिसकी शूटिंग अप्रैल में शुरू होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493