मारुति सुजुकी का शुद्ध लाभ 56 फीसदी बढ़ा

मुंबई, 28 जुलाई (आईएएनएस)। मारुति सुजुकी ने मंगलवार को कहा कि मौजूदा कारोबारी साल की प्रथम तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 56 फीसदी से अधिक बढ़ा।

कंपनी के मुताबिक, आलोच्य अवधि में उसका शुद्ध लाभ 1,192.92 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले समान अवधि में 762.28 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने अपने बयान में कहा, “आलोच्य अवधि में अधिक बिक्री, लागत घटाने की कवायद, प्रचार पर कम खर्च करने और अनुकूल विदेशी मुद्रा विनिमय दर के कारण प्रदर्शन बेहतर रहा।”

इस दौरान कुल बिक्री 18.1 फीसदी बढ़कर 13,078.32 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले समान अवधि में 11,073.51 करोड़ रुपये थी।

कंपनी की अन्य आय इस दौरान हालांकि 2.24 फीसदी घटकर 346.61 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 354.58 करोड़ रुपये थी।

कंपनी ने इस तिमाही में 13.8 फीसदी अधिक 3,41,329 वाहन बेचे। एक साल पहले की यह संख्या 2,99,894 थी।

इस दौरान घरेलू बिक्री 13 फीसदी अधिक 3,05,694 वाहनों की रही, जो एक साल पहले 2,70,643 थी।

निर्यात 21.8 फीसदी अधिक 35,635 वाहनों का हुआ, जो एक साल पहले 29,251 वाहनों का हुआ था।

कंपनी की कुल आय इस दौरान 17.47 फीसदी बढ़कर 13,424.93 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 11,428.09 करोड़ रुपये थी।

बंबई स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी के शेयर 0.57 फीसदी तेजी के साथ 4,200 रुपये पर बंद हुए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493