नई दिल्ली, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के गुड़गांव परिसर में कामगारों और प्रबंधकों के बीच वेतन समझौता हो गया है। समझौते के मुताबिक कामगारों का वेतन औसत 16,800 रुपये बढ़ेगा।
समझौते की प्रक्रिया छह महीने से चल रही थी। एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया कि इस दौरान कंपनी के तीनों कर्मचारी संघों -मारुति उद्योग कामगार संघ, मारुति सुजुकी कामगार संघ और मारुति सुजुकी पॉवर ट्रेन कामगार संघ- और प्रबंधकों के बीच 40 बैठकें हुईं। गुरुवार रात हुए समझौते में कर्मचारियों के वेतन में औसत 16,800 रुपये प्रति माह वृद्धि करने की सहमति बनी है।
समझौते के मुताबिक, यह वृद्धि तीन साल में (एक अप्रैल, 2015 से 31 मार्च, 2018 के बीच) लागू की जाएगी। यह वृद्धि प्रथम वर्ष में 50 फीसदी और बाद के दो वर्षो में 25-25 फीसदी लागू की जाएगी। पिछले महीनों के बकाए का भुगतान इस महीने के अंत तक कर दिया जाएगा।
सूत्र ने बताया कि जो कर्मचारी कंपनी की बस सुविधा का इस्तेमाल नहीं करते, उन्हें सात साल तक हर महीने 2,000 रुपये परिवहन भत्ते के तौर पर दिए जाएंगे।
उसने कहा कि कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी काइची आयुकावा ने समझौता पूरा होने की खुशी में कर्मचारियों को 3000 रुपये उपहार देने की भी घोषणा की है।
dharmpath.com dharmpath