पुणे, 1 जून (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फ्रेंचाइजी एफसी पुणे सिटी ने शुक्रवार को ब्राजील की विश्व कप विजेता युवा टीमों को कोचिंग दे चुके मार्कोस पेक्वेटा को नए मुख्य कोच के रूप में नियुक्त करने की घोषणा की है।
मार्कोस के पास ब्राजील की युवा टीमों के अलावा अन्य क्लबों और राष्ट्रीय टीम को कोचिंग देने का 30 साल का अनुभव है।
इस नई नियुक्ति के बाद मार्कोस राजेश वाधवान ग्रप और बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर की टीम पुणे के साथ आईएसएल के नए 2018-19 सीजन में पदार्पण करेंगे।
करीब एक दशक तक ब्राजीलियाई क्लबों को कोचिंग देने वाले मार्कोस के मार्गदर्शन में ब्राजील की अंडर-17 और अंडर-20 टीमों ने साल 2003 में विश्व कप का खिताब जीता था।
इसके अलावा, मार्कोस ने 2010 से 2012 तक लीबिया की राष्ट्रीय फुटबाल टीम के कोच पद का कार्यभार भी संभाला। इस दौरान लीबिया की टीम विश्व रैंकिंग में 115वें स्थान से निकलते हुए 37वें स्थान पर पहुंची।
एफसी पुणे सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव मोडवेल ने कहा, “मार्कोस एक ऐसे देश से आए हैं, जहां लोगों की हर सांस में फुटबाल का जुनून भरा हुआ है। उनके पास 30 साल का अनुभव है और इस दौरान उन्होंने 22 ट्रॉफियां जीती हैं। उनका यह अनुभव हमें उस स्तर पर बने रहने में मदद देगा, जिसे हमने पिछले सीजन में हासिल किया था। हम अपने परिवार में मार्कोस का स्वागत करते हैं।”
मार्कोस ने अपनी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा कि क्लब के साथ उनके संपर्क के बाद उन्हें यह समझ में आया है कि पुणे क्लब के पास युवा फुटबाल खिलाड़ियों को एक बेहतरीन मंच प्रदान करने की क्षमता है। इस क्लब में भी काफी क्षमता है और ऐसे में वह इसके साथ नए सफर की शुरुआत के लिए उत्साहित हैं।
dharmpath.com dharmpath