मियामी ओपन : सेरेना आठवीं बार चैम्पियन

मियामी, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त अमेरिकी शीर्ष महिला टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने मियामी ओपन के फाइनल मुकाबले में स्पेन की कार्ला सुआरेज नैवरो को मात देकर यहां करियर का आठवां खिताब जीत लिया।

सेरेना शानदार फॉर्म में नजर आईं और उन्होंने नैवरो को एक घंटा से भी कम समय में सीधे सेटो में 6-2, 6-0 से हरा दिया।

सेरेना इतने प्रचंड फॉर्म में थीं कि इसे इसी से समझा जा सकता है कि नैवरो जहां तीन विनर लगा सकीं, वहीं सेरेना ने 29 विनर लगाए और पहली सर्विस पर 95 फीसदी अंक हासिल करने में सफल रहीं।

इस सीजन में सेरेना का यह दूसरा खिताब है। इससे पहले वह आस्ट्रेलिया ओपन ग्रैंड स्लैम जीतने में सफल रही थीं।

12वीं विश्व वरीयता प्राप्त नैवरो करियर में पहली बार किसी डब्ल्यूटीए प्रीमियर मैंडेटरी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने में सफल रही हैं, तथा अगले सप्ताह डब्ल्यूटीए द्वारा जारी होने वाली विश्व वरीयता में भी वह पहली बार शीर्ष 10 में प्रवेश कर जाएंगी।

फाइनल मैच में हालांकि उनके पास विश्व नंबर एक सेरेना का कोई जवाब नहीं था।

सेरेना के नाम पहले से ही सर्वाधिक बार मियामी ओपन जीतने का रिकॉर्ड था, जिसे उन्होंने एक स्तर और ऊंचाई दे दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493