लॉस एंजेलिस, 30 जुलाई (आईएएनएस)। हॉलीवुड अभिनेता टॉम क्रूज फिल्म श्रृंखला ‘मिशन इंपॉसिबल’ के छठे संस्करण की शूटिंग के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग जल्द ही शुरू की जाएगी।
वेबसाइट ‘वेरायटी डॉट कॉम’ के अनुसार, टॉम ने मंगलवार को ‘द डेली शो’ में यह घोषणा की, जहां वह फिल्म श्रृंखला के पांचवें संस्करण ‘मिशन इंपॉसिबल-रॉग नेशन’ के प्रचार के लिए मौजूद थे।
टॉम ने शो के मेजबान जॉन स्टीवर्ट को बताया, “हम इस पर (छठे संस्करण) काम शुरू करने जा रहे हैं। उम्मीद है कि अगली गर्मियों में फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी।”
‘मिशन इंपॉसिबल’ श्रृंखला की पिछली फिल्में 1996, 2000, 2006 और 2011 में रिलीज हुई थीं।
श्रृंखला का पांचवां संस्करण ‘मिशन इंपॉसिबल-रॉग नेशन’ का बजट 15 करोड़ डॉलर है और यह शुक्रवार को ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, मेक्सिको और दक्षिण कोरिया सहित 40 अंतर्राष्ट्रीय सिनेबाजारों में प्रदर्शित हो रही है।
टॉम इस समय फिल्मकार डॉ लिमन की फिल्म ‘मेना’ की शूटिंग में व्यस्त हैं।
dharmpath.com dharmpath