मुंबई , 24 जुलाई (आईएएनएस)। बाघ संरक्षण पर आधारित फिल्म ‘मिशन टाइगर’ के निर्माताओं साजू फॉर्च्यून और लीगेश एस.एल. ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार से इस फिल्म को करमुक्त घोषित करने का अनुरोध किया है।
साजू फॉर्च्यून ने कहा, “सरकार बाघों के संरक्षण पर काफी पैसे खर्च कर रही है और मेरा मानना है कि हमारी फिल्म भी इसमें मदद कर सकती है, इसलिए फिल्म को करमुक्त कर देना चाहिए। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हमारा विनम्र अनुरोध है।”
फॉर्च्यून ने कहा, “करमुक्त होने के बाद फिल्म की टिकट की कीमत कम हो जाएगी और मुझे यकीन है कि कई लोग इस फिल्म को देखने आएंगे। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि बच्चे फिल्म देखने आएं और इस पहल के बारे में जानें।”
फिल्म बाघों के अवैध शिकार और इसके खतरनाक व्यापार पर आधारित है। अभिनेता विराज राज इसमें ऐसे व्यक्ति की भूमिका में हैं, जो गरीबी के कारण बाघ के अवैध शिकार में शामिल हो जाता है।
लीगेश ने कहा, “हमारे इस फिल्म का लक्ष्य व्यावसायिक नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता फैलाना है। हम चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोग फिल्म देखने आएं।”
दीपू करुणाकरण द्वारा निर्देशित फिल्म अंतर्राष्ट्रीय टाइगर दिवस के अवसर पर 29 जुलाई को रिलीज होगी।
dharmpath.com dharmpath